बारिश के दिनों में आबादी की ओर कुलाचे भरने लगे हिरन अब कुत्तों का शिकार होने लगे हैं। तीन दिन के अंदर यूपी में हरदोई जिले के सांडी वन रेंज में कुत्तों ने जहां एक हिरन का शिकार कर उसका शव क्षत विक्षत कर दिया तो वहीं दूसरी ओर एक घायल हिरन ने बुधवार की शाम दम तोड़ दिया। दो हिरनों व एक बारहसिंघा का इलाज वन रेंज कार्यालय में किया जा रहा है।
लगातार बारिश होने के बाद बचे खुचे वन क्षेत्रों में पानी भरने से हिरन सहित अन्य जानवर अब आबादी की ओर भागने लगे हैं लेकिन आबादी में आते ही इन हिरनों सहित अन्य जानवरों पर कुत्ते आदि हमला कर शिकार बना रहे हैं। वन रेंज अधिकारियों की मानें तो ग्राम सैतियापुर ,संगेचामऊ व बेहटी चिरागपुर में हिरनों ,बारहसिंघा की संख्या ज्यादा है, जिसमें बेहटी में मंगलवार की शाम कुत्तों ने हिरनों के एक झुंड पर हमला बोल दिया था जिससे एक हिरन घायल हो गया था। ग्रामीणों के चिल्लाने पर कुत्ते भाग गए थे।