कानपुर। खड़े ट्रक के नीचे घुसकर आवारा कुत्ते ने आराम कर रहे चालक को नोंच-नोंचकर लहूलुहान कर दिया। राहगीरों की मदद से घायल चालक को हैलट अस्पताल भेजा गया। मामला रेल बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर का है। इलाकाई लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक है लेकिन नगर निगम की ओर से कभी उनकी धरपकड़ नहीं की गई। इस कारण उनकी संख्या बढ़ती जा रही है।
उन्नाव के शुक्लागंज निवासी शिव किशोर ट्रक चालक हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर को उसने अपना ट्रक वेयर हाउस के पास खड़ा किया और कुछ देर आराम करने के लिए उसी के नीचे चादर बिछाकर लेट गया। तभी एक काले रंग के आवारा कुत्ते ने ट्रक के नीचे घुसकर चालक पर हमला कर दिया।
हाथ-पैर और सिर पर कई जगह कुत्ते ने दातों से जख्म कर दिया। ट्रक के नीचे होने के कारण वह निकल भी नहीं पा रहा था। बचाओ... बचाओ... का शोर सुनकर जब राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्हें ईंट-पत्थर फेंककर कुत्ते को खदेड़ा। इसके बाद उसे बाहर निकाला गया। ट्रक का क्लीनर उन्हें लेकर कांशीराम अस्पताल पहुंचा जहां उनका प्राथमिक उपचार कर हैलट रेफर कर दिया गया।