कानपुर। कल्याणपुर के पुराना शिवली रोड में शुक्रवार शाम आवारा कुत्ते के हमले से युवती बुरी तरह से घायल हो गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहा। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक युवती सड़क से गुजर रही थी। तभी अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते से बचने के लिए युवती भागने लगी लेकिन कुत्ते ने उसका पैर पकड़कर घसीट लिया। युवती सड़क पर गिर पड़ी। युवती के गिरते ही आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े और कुत्ते को वहां से भगाया। स्थानीय लोगों में आशीष पांडे, अभिषेक, अशोक सिंह और बबलू के अनुसार क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं जो अक्सर राहगीरों पर हमला कर देते हैं। लोगों ने नगर निगम से इलाके में आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। (संवाद)