राजपुर। क्षेत्र के जल्लापुर सिकंदरा गांव में कुत्ते ने गांव के तीन लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायल कस्बे के निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। कुत्तों के भय से लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते हैं।
जल्लापुर सिकंदरा के ग्रामीणों ने बताया कि कुत्ता घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर रहा है। कुत्ते के हमले से ग्रामीण दहशतजदा हैं। लोगों ने खुद को घरों में कैद कर रखा है। जल्लापुर गांव में कुत्ता अचानक सभी पर हमला कर जख्मी कर रहा है। बुधवार की शाम गांव के सुलेमान खान, राजेंद्र कटियार और सुल्तान खान को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। गांव के शान मोहम्मद व कल्लू खटिक ने बताया कि घर के बाहर बाड़े में बंधी दो बकरियों पर भी कुत्ते ने हमला कर मार डाला।
गांव के अजहर, इरफान, शोएब, जाकिर व फिदा ने बताया कि कुत्ते के सिर पर गंभीर घाव है। पूरे गांव में भागता रहता है। रास्ते में जो भी मिलता है, उस पर हमला कर देता है। ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। ग्रामीणों ने ब्लॉक अधिकारियों से कुत्ते को पकड़ने की गुहार लगाई है। एसडीएम रमेशचंद्र यादव ने बताया कि ब्लाक के कर्मचारियों की टीम गांव भेजकर कुत्ते को पकड़वाकर जंगल में छोड़ा जाएगा।