स्कूल-कॉलेज संचालक और समाजसेवी ध्यान दें। अगर आप स्वतंत्रता दिवस पर बंटवाने के लिए लड्डू खरीद रहे हैं तो गरम पैक न कराएं। पैक कराए गए गरम-गरम लड्डू खाने से फूड प्वॉइजनिंग हो सकती है। 2014 में इस तरह के लड्डू खाने से चौबेपुर के चार सरकारी स्कूलों में करीब तीन सौ बच्चे बीमार हो गए थे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने उस घटना से सबक लेते हुए अलर्ट जारी किया है।
15 अगस्त 2014 में चौबेपुर के मालौं ग्राम पंचायत के चार स्कूलों में झंडारोहण के बाद बांटे गए लड्डू खाने से तीन सौ बच्चे बीमार हो गए थे। इन बच्चों को लड्डू खाते ही उल्टियां शुरू हो गई थीं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस मामले में दस लोगों को गिरफ्तार किया था। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी सय्यद शाहनवाज हैदर आबिदी ने बूंदी के लड्डू केनमूने भरने को कहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि झंडारोहण पर बांटने के लिए लड्डू खरीदते समय थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है। गरम-गरम लड्डू पैक करने से गैस बनती है। यह गैस लड्डू पर जम जाती है। इसे कार्बन मोनो ऑक्साइड कहा जाता है। लड्डू के साथ यह गैस पेट में जाने से उल्टी और दस्त होने लगते हैं। इसलिए गरम लड्डू पैक न कराएं।
- 2014 में चौबेपुर में चार स्कूलों के तीन सौ बच्चे हो गए थे बीमार
- ऐसे पैक कराने पर लड्डुओं पर जम जाती है कार्बन मोनो ऑक्साइड