कानपुर देहात। डीएम की सख्ती के बावजूद जिले में टीकाकरण की रफ्तार सुस्त पड़ी है। जिस पर उन्होंने सीएमओ समेत स्वास्थ्य अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई है। लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन सात हजार लोगों का टीकाकरण न होने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में कोविड-19 की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण अभियान गति नहीं पकड़ रहा है। लोगों की भीड़ स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच रही है। अन्य जिलों की तुलना में जनपद की वैक्सीनेशन की प्रगति काफी खराब है। इसमें सभी प्रशासनिक अधिकारी व चिकित्सक बेहतर कार्य करें। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश यादव ने बताया कि अभिभावक स्पेशल बूथ के अंतर्गत जनपद में अब तक कुल 3921 लोगों के टीके लग चुके हैं। 14 हजार का टीकाकरण बकाया है। डीएम ने शेष बचे अभिभावकों का टीकाकरण जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए।
वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल ने बताया कि किसानों का गेहूं के संबंध में जो भुगतान शेष रह गया है, उसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ सौम्या पांडेय, एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, डीडीओ गोरखनाथ भट्ट, सीएमओ डॉ. एके सिंह सहित अन्य अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित रहे।