- अपार आईडी न बनाने वाले 100 स्कूलों में दस्तक देगें अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में यू-डायस पोर्टल पर अपार आईडी बनाए जाने के कार्य की समीक्षा बैठक की गई। इस बैठक में कार्य प्रदर्शन में सबसे निचले पायदान पर रहने वाले 100 विद्यालयों को लेकर डीएम ने जांच के निर्देश दिए। इन स्कूलों में फर्जी नामांकन की आशंका जताई गई है।
समीक्षा के दौरान डीएम बृजेश कुमार ने अपार आईडी निर्माण प्रक्रिया में अत्यंत धीमी और शून्य प्रगति को देखकर गहरा असंतोष जताया। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विद्यालयों की यह शिथिलता दर्शाती है कि या तो प्रबंधन इस महत्वपूर्ण कार्य में रुचि नहीं ले रहा है, या फिर यू-डायस पोर्टल पर छात्रों का फर्जी और अत्यधिक नामांकन दर्ज किया गया है। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सघन जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में किसी भी विद्यालय का फर्जी नामांकन पाया जाता है, तो संबंधित प्रबंधकों एवं विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इन स्कूलों में निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। ताकि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा सके।