कानपुर। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने एक करोड़ से अधिक वाले निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। निर्माणकार्यों में देरी पर नाराजगी जताई। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी से 10 नंबर तक तय समय बाद भी निर्माण पूरा न होने वाली परियोजनाओं की सूची मांगी। इसके साथ ही बिना जानकारी के बैठक में अनुपस्थित भूमि संरक्षण और दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड के अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंडलीय संयुक्त माध्यमिक शिक्षा निदेशक, कानपुर के भवन निर्माण कार्य में यूपी सिडको की ओर से कराए जा रहे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे। वहीं, टास्क फोर्स के निरीक्षण में कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अर्थ एवं संख्या अधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पत्र जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि टास्क फोर्स की रिपोर्ट में जिन परियोजनाओं में गुणवत्ता की कमी या कार्य न होने की शिकायत मिली है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। विभागीय अधिकारी परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट समय से भेजने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, सीएमओ हरिदत्त नेमी, डीडीओ आलोक कुमार आदि अधिकारी रहे।