कानपुर में कई स्कूल संचालकों ने नहीं माना डीएम का ऑर्डर
जिलाधिकारी के आदेश को कानपुर के कुछ स्कूल संचालक ठेंगे पर रखते हैं। बुधवार को डीएम के आदेशों की अवहेलना करते हुए सुबह 10 बजे की बजाय 8 बजे से ही स्कूल खोल दिये गये। बच्चे कोहरे और भीषण गलन के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। काकादेव कुलवंती के पास स्थित प्रभात पब्लिक स्कूल सर्वोदय नगर, कैंट स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया समेत तमाम स्कूल सुबह 8 बजे ही खुले। कई बच्चे 10 बजे स्कूल पहुंचे तो उनका क्लास मिस हो गया। कोहरे और शीतलहर को देखते हुए कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, गैरसरकारी स्कूलों का समय बुधवार से डीएम के आदेश पर बदल दिया गया था। स्कूल 10 दिसंबर तक 10 बजे तक खुलने के आदेश जारी हुए थे लेकिन कानपुर के कई स्कूलों ने इस आदेश को नहीं माना। अब इन स्कूलों वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।