टीईटी परीक्षा में लगी बस ड्राइवरों की ड्यूटी
यूपी के महोबा जिले में रविवार को एक एेसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यहां टीईटी की परीक्षा में दो बस चालक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करते मिले। जानकारी मिलते ही डीएम ने दोनों की गिरफ्तारी के आदेश दिए।
यह मामला महोबा जिले के साईं इंटर कॉलेज का है। यहां टीईटी परीक्षा की पहली पाली में दो बस ड्राइवरों को कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करते पाया गया। यही नहीं इसी विद्यालय के उप प्रधानाचार्य उसी विद्यालय में टीईटी परीक्षा देते पाए गए।
जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने दोनों बस ड्राइवरों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों के न पहुंचने पर बिना प्रशासन को सूचना दिए विद्यालय के दो बस चालकों ज्ञान सिंह व राजेश नायक को कक्ष निरीक्षक बना दिया। इस मामले में डीएम ने विद्यालय को डिबार करने के लिए शिक्षा परिषद को पत्र भेजने के आदेश दिए गए हैं।