सीएचसी में जिला समाज कल्याण अधिकारी का मेडिकल करते चिकित्सक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कानपुर देहात में मंगलवार को मैथा तहसील में समाधान दिवस के दौरान जिला कल्याण जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार लड़खड़ाते हुए कदमों के साथ जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के सामने पहुंच गए। जिलाधिकारी को समझते देर न लगी कि अधिकारी ने शराब पी हुई है। उन्होंने फटकार लगाई और अधिकारियों को तत्काल मेडिकल कराने का निर्देश दिया।
नशे में धुत होकर तहसील दिवस में पहुंचना समाज कल्याण अधिकारी को भारी पड़ गया। पुलिस व तहसील कर्मी जिला समाज कल्याण अधिकारी को लेकर शिवली सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्साधीक्षक उमाशंकर की देखरेख में उनका मेडिकल परीक्षण किया गया।
चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि मेडिकल में आंशिक रूप से अल्कोहल की पुष्टि हुई है। फिलहाल उनका ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एल्कोहल की पुष्टि की है। यूरिन व ब्लड सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।