ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुक्रवार को समर कैंप का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया। आयोजन जिला ओलंपिक संघ, सभी खेल संघ व क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से हो रहा है।
कैंप में हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो, वूशू, जूडो, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, क्रिकेट समेत 17 खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कैंप 27 जून तक चलेगा।
इस दौरान डीएम ने खिलाड़ियों से कहा कि समर कैंप के माध्यम से बच्चे डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर खेलों की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता व टीम भावना को भी विकसित करता है। समर कैंप में विभिन्न विद्यालयों व संस्थानों से चयनित बालक-बालिकाओं को कोच प्रशिक्षण देंगे।
कुल 17 खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य बच्चों व युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और खेलों से जोड़ना है।