कानपुर देहात। मेरठ में 22 फरवरी से होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का जिला स्तरीय ट्रायल्स सोमवार को माती स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियाें को अपने प्रपत्र लेकर आना अनिवार्य है।
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में कैलाश प्रकाश स्टेडियम मेरठ की ओर से 22 फरवरी से एक मार्च तक प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रतियोगिता के ट्रायल्स में एक जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच जन्म लेने वाले खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं।
आयु प्रमाणित करने के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ छाया प्रति भी लाना अनिवार्य है। जिला स्तरीय ट्रायल्स सोमवार दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। जिला स्तरीय ट्रायल्स में चयनित खिलाड़ी को मंगलवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम कानपुर में होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल्स में प्रतिभाग करने का मौका दिया जाएगा।