कानपुर। गोविंदनगर के एल-वन ब्लॉक और आसपास के क्षेत्र में नलों से बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसकी वजह सीवर लाइन के ऊपर पानी की पाइपलाइन बिछी होना और सीवर चैंबर भरे होने से पानी की पुरानी पाइपों में गंदा पानी पहुंचना है।
एल-वन ब्लॉक निवासी प्रदीप शुक्ला ने बताया कि इलाके में 40 दशक से भी ज्यादा पुरानी डॉट सीवर लाइन बिछी हुई है। इसी लाइन के ऊपर पानी की पाइपलाइन भी बिछी है। पहले पानी की आपूर्ति शुरू होने पर दो-चार मिनट गंदा फिर साफ पानी आने लगता था। छह महीने पहले उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने जूही में गहरी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त की थी, तभी से उनके मोहल्ले के भी सीवर चैंबर भर गए। इससे गंदा पानी पुरानी लीकेज पाइप लाइनों में भी जाने लगा। उन्होंने जलकल विभाग के महाप्रबंधक से लेकर प्रमुख सचिव तक नई सीवर लाइन बिछवाने और पाइप लाइनें दुरुस्त कराने की मांग की है। उधर जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने समस्या के समाधान के लिए चावला मार्केट से पापुलर धर्मकांटा तक क्षतिग्रस्त डॉट सीवर लाइन के स्थान पर नई लाइन बिछाने और आसपास गलियों से उनका कनेक्शन करने की संस्तुति करते हुए जल निगम नगरीय को पत्र लिखा है।