बसपा नेता पिंटू सेंगर की हत्या में सोनभद्र जेल में बंद धीरज उर्फ दीनू उपाध्याय के फरार साथी अधिवक्ता नारायण सिंह भदौरिया को कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की दोपहर श्यामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। कोर्ट में पेश करने के बाद वहां से जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ जूता व्यापारी ने रंगदारी मांगने, अपहरण और लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जबकि नौबस्ता और कोहना में दर्ज रिपोर्ट में गिरफ्तारी न होने पर कोर्ट से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी हुआ था।
किदवईनगर निवासी नारायण सिंह भदौरिया पर दीनू उपाध्याय के साथ इस साल कोतवाली, कोहना, बिधनू, नौबस्ता थाने में रंगदारी मांगने, मारपीट करने, कूटरचित दस्तावेज बनाकर प्लॉट कब्जा करने, अपहरण, लूट समेत कई गंभीर आरोप थे। नाैबस्ता और कोहना थाने से 50-50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस उसकी काफी समय से तलाश कर रही थी, उसने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी का स्टे आर्डर ले लिया था। पिछले दिनों स्टे आर्डर समाप्त हो गया था। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि नारायण सिंह भदौरिया को श्यामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ कई थानाक्षेत्रों में एफआईआर दर्ज थी।