फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माफ कर दो सहदेव, हम शर्मिंदा हैं

Sat, 07 May 2016 01:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
6 मई शुक्रवार को मारपीट के शिकार आपरेटर से हाथ जोड़कर माफी मांगते क्षेत्र के लोग। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
कानपुर साउथ। ‘गुस्सा तो जायज पर गुंडई नहीं’ अमर उजाला का यह नजरिया शुक्रवार के अंक में पढ़कर नौबस्ता हंसपुरम के जलकल विभाग में तोड़फोड़-मारपीट करने वाले लोग अब पश्चाताप कर रहे हैं। गलती का अहसास होने पर बवाल करने वालों ने अपने परिवार और मुहल्ले के बुजुर्गों को वहां भेजा और पिटाई के शिकार पंप आपरेटर सहदेव पाल और अन्य कर्मचारियों से माफी मांगी। बुजुर्गों ने सहदेव पाल को गुलाब का फूल देकर माला पहनाई। कहा कि लड़कों और महिलाओं से ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। सहदेव ने पहले तो बुजुर्गों की बातों को अनसुना किया लेकिन फिर मान गए। लोगों ने आंखें खोलने के लिए ‘अमर उजाला’ को धन्यवाद दिया और जलकल के कर्मचारियों ने भी सराहा।
विज्ञापन

   घरों में गंदे पानी की आपूर्ति और चोक सीवर लाइन की समस्या से परेशान आवास विकास हंसपुरम के लोगों ने गुरुवार को जल कल के कार्यालय में घुसकर मेज-कुर्सी पलट दी थी। दरवाजे तोड़ डाले थे। पंप आपरेटर सहदेव पाल को पीटा था। अलमारी में रखे दस्तावेज फाड़कर फेंक दिए थे। ‘अमर उजाला’ ने पब्लिक का गुस्सा तो जायज ठहराया लेकिन उनके बर्ताव को गलत बताकर खबर प्रकाशित की। शुक्रवार के अंक में यह पढ़कर बवाल और मारपीट करने वालों को खुद की गलती का अहसास हुआ। इन लोगों ने किसी तरह सहदेव के बारे में  जानकारी जुटाई। पता चला कि वह किदवई नगर एच ब्लॉक स्थित विभाग के जोन-दो कार्यालय में मौैजूद हैं तो उपद्रवी खुद तो डर के मारे वहां नहीं गए लेकिन मुहल्ले के बुजुर्गों को वहां भेजा। रामलाल संखवार, महादेव, विजय पाल, रामकुमार शर्मा, विश्राम सिंह समेत कई बुजुर्ग शाम करीब  चार बजे जोनल कार्यालय पहुंचे। वहां सहदेव पाल से हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्हें गुलाब का फूल देकर माला पहनाई। कहा कि क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चोक होने और घरों में गंदे पानी आपूर्ति से लोग परेशान हैं लेकिन जो हुआ वह नहीं होना चाहिए। हम लोग माफी मांगते हैं। अब दोबारा ऐसा नहीं होगा।
जोनल दफ्तर में ताला डाला, हंगामा
कानपुर साउथ (ब्यूरो)। हंसपुरम जलकल विभाग के डंप कार्यालय में तोड़फोड़ और पंप आपरेटर सहदेव पाल की पिटाई से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार काम ठप कर दिया। विभाग के जोन-दो कार्यालय के गेट पर ताला डालकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। विभागीय अफसरों पर भी आरोप लगाए। कर्मचारियों ने जोनल कार्यालय में दिन भर हंगामा किया लेकिन कोई अफसर वहां नहीं आया। तकनीकी कर्मचारी संघ के बैनर तले जुटे कर्मचारियों ने सहदेव पाल    पर हमला करने वाले आरोपियों की  48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान राकेश बाजपेई, फूलचंद्र, राजेंद्र, एसडी यादव, प्रकाश पाल समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

हंगामा-बवाल, लेकिन हालात जस के तस
 साउथ (ब्यूरो)। आवास विकास हंसपुरम में घरों में गंदे पानी की आपूर्ति और चोक सीवर लाइन की समस्या का हल कराने के लिए तमाम जतन किए गए। जलकल विभाग के पंप आपरेटर को डंप कार्यालय से पकड़कर लोग मौके पर ले गए। बंधक बनाकर सीवर के गंदे पानी में खड़ा किया। फिर कार्यालय में तोड़फोड़ और बवाल किया, लेकिन जलकल विभाग के अफसर नहीं जागे। इलाके में समस्या जस की तस है और लोग परेशान हैं। सहकर्मी की पिटाई के बाद शुक्रवार को कर्मचारियों ने वहां जो काम चल रहा था वह भी बंद कर दिया। हंसपुरम के सेक्टर पांच-सी निवासी आरती ने बताया कि महीनों से क्षेत्र में सीवर लाइन चोक है। उनके समेत कई लोगों के घरों और बाहर सड़क पर सीवर का पानी भरा है। सरकारी नलों में गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है। जलकल विभाग के जोनल अफसरों को समस्याएं बताई गईं, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हालात यह हो गए घर में बैठना और बाहर चलाना मुश्किल हो गया। मंगलवार को इलाकाई लोगों के हंगामा करने के बाद जेई जीके तिवारी ने चोक सीवर खुलवाने और सफाई का काम शुरू कराया। शुक्रवार को काम फिर बंद हो गया। उधर,जेई जीके तिवारी का कहना है कि पंप आपरेटर से हुई मारपीट से कर्मचारी नाराज हैं। उन लोगों ने काम बंद कर दिया है। कर्मचारियों को समझा कर समस्या का निराकरण कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें