असहिष्णुता पर हाल में आए अभिनेता शाहरुख खान के बयान से नाराज हिंदू वाहिनी के सदस्यों ने शुक्रवार को ‘दिलवाले’ की रिलीज पर प्रदर्शन कर उनका पुतला फूंका। गुरुदेव चौराहे पर एकत्र हुए लोगों ने आमिर खान के खिलाफ भी नारेबाजी की।
साथ ही लोगों से फिल्म ‘दिलवाले’ न देखने की अपील की। प्रदर्शनकारी मेराज सिनेमा के टिकट काउंटर तक पहुंच गए, हालांकि सिक्योरिटी आ जाने के बाद उन्हें लौटना पड़ा।
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता मेराज सिनेमा के सामने शुक्रवार दोपहर करीब बजे से एकत्र होने लगे थे। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी शुरू दी और नगर प्रभारी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में शाहरुख खान का पुतला फूंका।
शैलेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी देशभक्त को यह फिल्म नहीं देखनी चाहिए। कहा कि वे लोग आमिर खान का भी विरोध करेंगे। मेराज सिनेमा के मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि पहले दिन ‘दिलवाले’ को अच्छी ओपनिंग नहीं मिली, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही अच्छा रिस्पांस मिलेगा। इस तरह के विरोध प्रदर्शन के बाद पिक्चर चल जाती है।
‘बाजीराव मस्तानी’ पर भी हल्ला बोल
इस शुक्रवार को थियेटर में पहुंचते ही शाहरुख खान की ‘दिलवाले’ और रणबीर सिंह की ‘बाजीराव मस्तानी’ का विरोध प्रदर्शन के साथ स्वागत हुआ है। दोनों फिल्मों के खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में भाजपा व अन्य संगठनों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया।
शाहरुख खान के असहिष्णुता को लेकर दिए गए बयान का असर उनकी नई फिल्म ‘दिलवाले’ पर दिखने लगा है। भाजपा व हिंदू सेना और हिंदू मित्र मंडल जैसी संस्थाओं ने शाहरुख के बयान के विरोध में फिल्म के प्रदर्शन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं, बाजीराव मस्तानी फिल्म का ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर विरोध किया जा रहा है।
पुणे में विरोध के चलते एक मल्टीप्लेक्स को इस फिल्म के सभी शो रद्द करने पड़े। मुंबई में हिंदू सेना के कम से कम पांच समर्थकों को हिरासत में लिया गया है, ये लोग दादर के एक मॉल में उत्पात मचाने की कोशिश में थे। ये लोग दिलवाले फिल्म यहां दिखाए जाने पर रोष व्यक्त कर रहे थे।
यही हाल मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और जबलपुर में रहा। राजस्थान के जयपुर, जोधपुर सहित कई शहरों में शिवसेना व भाजपा ने दिलवाले फिल्म के पोस्टर फाड़कर विरोध जताया। गुजरात के अहमदाबाद, सूरत और मेहसाणा में भी यही नजारे आम रहे।