मैंने अमर उजाला की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति पाने के लिए दिन रात मेहनत की थी। मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुझे इतनी बड़ी स्कॉलरशिप मिलेगी, लेकिन मैंने हिम्मत नहीं हारी। मुझे इतनी बड़ी स्कॉलरशिप पहले कभी नहीं मिली।’
ये खुशी शुक्रवार को चमनगंज में रहने वाले 12वीं के छात्र वैभव वर्मा ने जाहिर की। मेधावी वैभव शहर के ऐसे एकमात्र छात्र हैं, जिन्होंने सन् 2015 में आयोजित ‘अमर उजाला’ की ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा’ में सफलता हासिल की है। वैभव को बतौर स्कॉलरशिप 50 हजार रुपये मिलेंगे। वैभव ने बताया कि वह जेईई परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
स्कॉलरशिप, परीक्षा की तैयारी और फीस भरने के लिए काम आएगी। वैभव सेंट फ्रांसिस कालेज में 12वीं के छात्र हैं। उधर, वैभव के पिता राजकुमार ने बताया कि वे रेडीमेड सिलाई का काम करते हैं।
परिवार में पत्नी सुनीता और बड़ी बेटी वैशाली है। उन्होंने बताया कि वैभव शुरू से मेधावी है। 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उसे 85 फीसदी अंक मिले थे। स्कॉलरशिप मिलने से परिवार के सभी लोग बहुत खुश हैं।