मृतक बच्चा सिंह के भाई अतुल व बेटे सतीश से बातचीत करती पुलिस।
- फोटो : amarujala
कानपुर। ग्वालटोली में सड़क किनारे फुटपाथ पर सो रहे पंचर बनाने वाले दुकानदार शिवशंकर उर्फ बच्चा (45) को डायल 100 इनोवा ने रौंद दिया। हादसे के बाद क्षेत्रीय लोग दौड़े तो इनोवा सवार पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय छोड़कर भाग निकले। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने परिवार वालों को सूचना देकर उसे पहले उर्सला और फिर हैलट लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर गुस्साए परिजनों ने हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंचे एसओ एके सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
बनवारी लाल का हाता निवासी शिवशंकर की परमट चौराहे के पास पंचर की दुकान है। परिवार में बीमार पत्नी बबली, दो बेटे सतीश, अनय और एक बेटी कुमकुम है। बेटे सतीश ने बताया कि पिता घर से खाना खाने के बाद दुकान के पास फुटपाथ पर सो रहे थे। इसी दौरान ग्वालटोली थाने की डायल 100 इनोवा नंबर-32 ने फुटपाथ पिता पर गाड़ी चढ़ा दी। पिता की मौत से गुस्साए सतीश ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन देर रात पुलिस मामले को रफादफा करने में जुटी रही। वहीं एसओ एके सिंह तहरीर लेकर कार्रवाई की बात कहते रहे।