कानपुर देहात। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। अकबरपुर के कुसमी गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह कभी आर्थिक तंगी के कारण मजदूरी करने को मजबूर थे। अब न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर है, बल्कि तीन अन्य युवाओं को रोजगार भी दे रहे हैं।
धर्मेंद्र बताते हैं कि प्रजापति समाज से है और पीढ़ियों से माटीकला के पारंपरिक कार्य से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों के कारण आधुनिक उपकरण नहीं खरीद पा रहे थे। उत्पादन कम होने की वजह से परिवार के भरण-पोषण के लिए उन्हें मजदूरी करनी पड़ती थी, जिससे उनकी मासिक आय महज 18 से 20 हजार रुपये ही हो पाती थी। वर्ष 2025-26 में जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना की जानकारी मिली। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ग्रामीण बैंक की लालपुर शाखा से तीन लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसी से अपनी इकाई का आधुनिकीकरण किया। जिगर मशीन, विभिन्न डाई और सोलर पैनल स्थापित कर उत्पादन क्षमता और उत्पादों की गुणवत्ता में भारी वृद्धि की।
जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने बताया कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से धर्मेंद्र की मेहनत और उत्पादन लागत दोनों कम हो गई। आज उनकी मासिक आय बढ़कर 30 से 32 हजार रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने अपनी इकाई में गांव के ही तीन अन्य युवाओं को भी रोजगार दिया है। कहा कि स्वरोजगार योजनाएं वास्तव में पात्र लाभार्थियों के जीवन में व्यापक परिवर्तन ला रही हैं। धर्मेंद्र की सफलता अन्य पारंपरिक कारीगरों और ग्रामीण युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।