कानपुर देहात। श्रावण मास के पहले दिन बृहस्पतिवार को शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हर-हर महादेव की गूंज में महिलाएं, बच्चे, पुरुष सभी ने मंदिरों में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। पौराणिक जिनई बनीपारा स्थित वाणेश्वर महादेव मंदिर, डेरापुर के कपालेश्वर मंदिर, रसूलाबाद के धर्मगढ़ बाबा मंदिर में श्रद्धालु पहुंचे। सभी ने देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक किया और माथा टेक कर आशीर्वाद लिया।
रूरा के विभिन्न शिव मंदिरों में शिवभक्तों ने जलाभिषेक करने के बाद बेल पत्र, धतूरा व पुष्प आदि अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। वाणेश्वर मंदिर में सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए। बम-बम भोले, हर-हर महादेव के घोष के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। यह सिलसिला शाम तक चला। मुख्य पुजारी साधु गोस्वामी ने बताया कि पहले सोमवार को भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
वहीं, रसूलाबाद में नगर स्थित सिद्ध पीठ धर्मगढ़ बाबा मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं ने पहुंच शिवलिंग पर जल चढ़ाया। बेलपत्र, फल, फूल व दूध अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा ऋषि आश्रम शिव मंदिर, भीखदेव स्थित महाकालेश्वर मंदिर और जोत स्थित जमथर खेड़ा शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर मनोकामनाएं पूरी होने की मन्नत मांगी। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी नरेश दीक्षित ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इन दिनों में पूजन व जलाभिषेक करने से मन को शांति मिलती है।
अमरौधा के कालेश्वर मंदिर में सुबह कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर चंदन, इत्र आदि का लेप कर बेलपत्र, फूल आदि से शृंगार किया और दूध, दही, घी अर्पित कर शिवार्चन किया। मंदिर के पुजारी जाहर सिंह ने बताया कि यह मंदिर पौराणिक है। क्षेत्र के लंगड़ेपुर, ट्योंगा, क्योटरा, बसावनपुर सहित अलग-अलग स्थानों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रावण मास में इनकी संख्या अधिक हो जाती है।
इसी प्रकार शिवली के प्रसिद्ध जागेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं ने ओम नम: शिवाय का जप किया। मंदिर के महंत के मुताबिक यह जप पूरे सावन किया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन वार्षिक उत्सव होगा। सोमवार को दिन अधिक श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं। वहीं डेरापुर के कपालेश्वर मंदिर में भी भक्त पहुंचे और पूजा-अर्चन कर कल्याण का आशीर्वाद लिया।
............................
भक्तों ने निकाली भगवान शिव की डोली यात्रा
फोटो-16- कंधे पर रखकर डोली निकालते श्रद्धालु। संवाद
भक्तों ने निकाली भगवान शिव की डोली यात्रा
पुखरायां। नगर मालवीय नगर में नेतराम गली स्थित आनंदेश्वर धाम से श्रावण माह के प्रथम दिन बृहस्पतिवार शाम पांच बजे पूजन-अर्चन के साथ शिव-पार्वती की डोली यात्रा निकाली गई। भगवान के विग्रह की डोली यात्रा के साथ सजीव राधा-कृष्ण, नरसिंह, हनुमान, काली माता, भोलेनाथ-पार्वती की झांकियां कलाकारों ने निकालीं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। डोली यात्रा आनंदेश्वर धाम से चलकर नेतराम गली तिराहा से मेनरोड से बड़े महादेव मंदिर परिसर पहुंची। बड़े महादेव मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, हनुमान मंदिर, संत सुआ बाबा समाधि मंदिर, शनि देव मंदिर में पूजन किया। इसके बाद मेनरोड से बरसाती पुलिया, मौहर माता मंदिर, झगड़ेश्वर मंदिर, मीरपुर स्थित आनंदेश्वर मंदिर होकर वापस अग्रसेन मार्ग से सराफा बाजार, बर्तन बाजार होते-होते हुए मंदिर परिसर में पहुंचने पर डोली यात्रा का समापन किया गया। यात्रा में राजकिशोर अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, प्रदीप गौड़ आदि मौजूद रहे। (संवाद)
....................
श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक कर किया पूजन
फोटो-15- पुखरायां आनंदेश्वर धाम मंदिर में रुद्राभिषेक करते श्रद्धालु। संवाद
पुखरायां। श्रावण माह के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पुखरायां के मालवीय नगर स्थित आनंदेश्वर धाम मंदिर में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। जहां पर अलग-अलग सात वेदियों में आचार्यों की वैदिक मंडली की ओर से मंत्रोच्चारण किया गया। सावन के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं ने शिवालयों में पहुंच कर पूजन-अर्चन कर बम भोले के जयकारे लगाए। पुखरायां के आनंदेश्वर धाम मंदिर, बड़े महादेव मंदिर, झगड़ेश्वर मंदिर, अकोढ़ी के पतालेश्वर मंदिर, ऋषि दुर्वासा आश्रम स्थित शिव मंदिर सहित गांवों स्थित शिवालयों में पूजन-अर्चन किया जाता रहा। पुखरायां स्थित आनंदेश्वर धाम मंदिर में बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे से वैदिक मंडली के पंडित अखिलेश शुक्ल, पंडित अमित मिश्रा, पंडित महादेव तिवारी, पंडित राहुल मिश्रा, पंडित हरिओम अवस्थी, पंडित कार्तिक तिवारी, पंडित सत्या शुक्ल ने सात वेदियों में रुद्राभिषेक कराया। यहां पर दीपक पांडेय, मंजू पांडेय, अमित वर्मा, पूजा वर्मा, अंकुर द्विवेदी, अनामिका द्विवेदी आदि रहीं। (संवाद)