कानपुर देहात। माती स्थित स्टेडियम में बुधवार को परिषदीय स्कूलों के बच्चों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्तर पर प्रतिभाग कर रही डेरापुर ब्लॉक की टीमों ने सभी खेलों में बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं जूनियर स्तर पर अकबरपुर ब्लॉक की टीम ने सबसे अधिक रैकिंग प्राप्त की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को विजेता घोषित करते हुए पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
जनपद स्तरीय बालक व बालिका वर्ग की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएसए अजय कुमार मिश्र ने किया। कहा कि खेल से बच्चों का सर्वागींण विकास होता है। इसलिए बच्चों को शिक्षा के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग करना चाहिए। जिला व्यायाम शिक्षक नीतू कटियार ने बताया कि प्राथमिक व जूनियर स्तर पर ओवर ऑल चैंपियनशिप में रसूलाबाद ब्लॉक की टीम उपविजेता रही।
वहीं, दूसरे व अंतिम दिवस की समूहगान प्रतियोगिता में प्राथमिक वर्ग से डेरापुर व जूनियर वर्ग में अकबरपुर की टीम ने जीत को अपने नाम किया। जबकि राष्ट्रीय एकांकी में अकबरपुर व लोकनृत्य में रसूलाबाद की टीम ने बाजी मारी। इसके अलावा वॉलीबॉल में बालक वर्ग में मलासा ब्लॉक व बालिका वर्ग में अमरौधा ब्लॉक की टीम विजयी रही। इसके अलावा खो-खो में जूनियर वर्ग से बालक वर्ग की मैथा ब्लॉक की टीम और बालिका वर्ग से राजपुर ब्लॉक की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।
बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग से बालिका में रसूलाबाद व बालिका वर्ग से डेरापुर की टीम ने अधिक अंक प्राप्त कर जीत हासिल की। शिक्षक प्रताप भानू सिंह गौर ने बताया कि विजेताओं को मुख्य अतिथि ने मेडल व प्रमाण पत्र भेंटकर सम्मानित किया। सभी विजेता खिलाड़ी अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। यहां ब्लॉक पीटीआई संतोष यादव, जावेद खान, आदित्य त्रिपाठी, उपेंद्र, आशीष, दिनेश, कंचन, बीईओ मनोज कुमार, अशोक कुमार, अजब सिंह, ईश्वर चंद्र, चंद्रजीत, आनंद भूषण आदि मौजूद रहे।