यूपी के इटावा जिले में फ्रेंड्स कालोनी के बी-ब्लॉक में सोमवार देर रात दंत चिकित्सक गुरुदीप उर्फ नीटू यादव ने तनाव में आकर फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह परिजनों ने चादर के बने फंदे से शव को पंखे से लटकता पाया। परिजनों के अनुसार गुरुदीप कुछ महीनों से डिप्रेशन में थे।
जिसका इलाज किया जा रहा था। शव के गले में खरोच के निशान मिले हैं, जिसे पुलिस चादर का बता रही है। फ्रेंड्स कालोनी निवासी गुरुदीप उर्फ नीटू यादव (34) दंत चिकित्सक थे। उनका घर से कुछ ही दूर स्थित स्माइल डेंटल क्लीनिक है।
क्लीनिक में उनकी बड़ी बहन अनुपम भी डॉक्टर हैं। वह भरथना में रहतीं हैं। परिजनों के अनुसार सोमवार शाम डॉ. गुरुदीप क्लीनिक से घर लौटे और मां शकुंतला, पत्नी गरिमा व दो साल के बेटे रुद्र के साथ खाने के बाद अपने कमरे में लेट गए।
रात को दूसरे कमरे में जाकर चादर का फंदा बनाया और पंखे से फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह पांच बजे दूसरे कमरे में सो रहा साला अभिषेक उठा तो उसे शव लटका मिला। आनन-फानन में परिजन गुरुदीप को सुबह छह बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल के डाक्टरों ने गले में खरोच के निशान देख मामला संदिग्ध बताया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फ्रेंड्स कालोनी के थानेदार वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि डॉक्टर नशे के आदी थे। वर्तमान में वह डिप्रेशन का शिकार हो गए थे। वह परेशान रहने लगे थे। परिजन इलाज करवा रहे थे।
जमीन के मामले में जाना था कोर्ट
डॉक्टर गुरुदीप को जमीन (चकबंदी) के मामले में मंगलवार को औरैया कोर्ट जाना था। इसलिए उन्होंने साले अभिषेक को मैनपुरी करहल से सोमवार को बुलाया था। चचेरे भाई यातेंद्र ने बताया कि पिछले एक साल से चकबंदी का मामला कोर्ट में चल रहा है। जिसकी तारीख पर डाक्टर को जाना था। इससे पहले उन्होंने आत्महत्या कर ली।