इटावा/ताखा। पैदावार कम होने से आलू की अचानक मांग बढ़ गई है। व्यापारी खेतों में जाकर किसानों का आलू महंगे दामों पर खरीद कर रहे हैं। हल्के लाल रंग के न्यू हालैंड किस्म के आलू की मांग बाजार में सबसे ज्यादा है।
ताखा क्षेत्र में सफेद आलू 500 से 750 रुपये और लाल आलू 650 से 900 रुपये पैकेट खरीदा जा रहा है। मंडियों में फुटकर आलू 12 से 18 रुपये किलो बिक रहा है। इस कारण किसानों को उत्पादन कम होने पर भी अच्छा मुनाफा मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार इस साल मौसम प्रतिकूल रहने और खेती की लागत बढ़ने के कारण आलू की पैदावार प्रभावित हुई है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे प्रमुख आलू उत्पादक राज्यों में फसल कम होने से आपूर्ति घटी है, जिससे आलू की कीमतें बढ़ गई हैं।
थोक मंडियों में व्यापारी महंगे दामों पर आलू खरीद रहे हैं, जिससे खुदरा बाजार में भी कीमतों में उछाल आ सकता है। आमतौर पर 10 से 18 रुपये प्रति किलो बिकने वाला आलू अब 18 से 22 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता है। किसानों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में मौसम में बदलाव के चलते आलू की पैदावार साल दर साल कम हो रही है।
वर्जन...
मौसम प्रतिकूल होने से इस बार आलू का उत्पादन प्रभावित रहा है। इससे पैदावार कम हुई। इस सबके चलते व्यापारियों ने आलू की खरीद तेज कर दी है। मांग बढ़ने से आलू के दाम बढ़ गए हैं। -श्याम सिंह, डीएचओ।