कानपुर। क्षेत्रीय सलाहकार समिति भविष्य निधि संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम शाहिद इकबाल को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। सदस्य सुखदेव प्रसाद मिश्र की अगुवाई में पहुंचे संगठन के लोगों ने जेके जूट मिल (नया नाम जिओ जूट) के कर्मचारियों को पेंशन ट्रस्ट में जमा राशि को भविष्य निधि कार्यालय में वापस लेने और पेंशन अवधि की पात्रता की समस्या का समाधान कराने की मांग की।
बताया कि 2003 से 2008 तक की तालाबंदी अवधि को पेंशन पात्रता की अवधि में नहीं जोड़ा जा रहा है और कर्मचारियों के फॉर्म पेंशन सर्विस न होने के कारण वापस किए जा रहे हैं। प्रतिष्ठान ने 21 जून 2003 को तालाबंदी की थी। जो समझौते के बाद 18 अक्टूबर 2008 को खत्म हो गई थी। सुखदेव मिश्रा ने बताया कि प्रतिष्ठान छूट प्राप्त संस्थान है और उसका भविष्य निधि का खाता ट्रस्ट के तहत चल रहा है। ट्रस्ट की धनराशि भविष्य निधि खाते में लाकर कर्मचारियों का भुगतान किया जाए। इस मौके पर लक्ष्मीकांत मिश्रा, अर्जुन सिंह, बुद्धि सागर, रामविलास आदि थे। (ब्यूरो)