कानपुर देहात। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिले के पेयरिंग किए गए 158 स्कूलों की पेयरिंग निरस्त कर मूल विद्यालय में वापसी की मांग की है। शनिवार को बीएसए कार्यालय में पहुंच संबंधित पटल पर ज्ञापन देकर विरोध जताया है।
जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह यादव ने बताया कि संघ के विरोध किए जाने के बाद मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री ने एक किमी से अधिक दूर व 50 से अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों की पेयरिंग निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी जिले में अभी तक 158 स्कूलों की पेयरिंग निरस्त नहीं की गई है। जबकि यह प्रकरण बाल एव अनिवार्य शिक्षा से जुड़ा है। कहा कि पेयरिंग किए गए स्कूलों की अधिक दूरी होने से प्रथम सत्र की परीक्षा में कई छात्र शामिल नहीं हो सके। कुछ यही स्थिति अर्द्धवार्षिक परीक्षा में भी रही है।
जिला मंत्री आदित्य गौतम ने कहा कि छात्रों के अभिभावक बच्चों के भविष्य की चिंता करते हुए बीएसए व बीईओ कार्यालय के चक्कर लगाकर परेशान हो चुके हैं। इसके बाद भी कार्य बहुत ही धीमी गति से किया जा रहा है। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। अगर एक सप्ताह में मान के के अनुसार पेयरिंग किए गए स्कूलों की मूल विद्यालय में वापसी नहीं होती है, तो संगठन बीएसए कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेगा। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद यादव, कोषाध्यक्ष अरुण कटियार, संयुक्त मंत्री विष्णु मिश्रा व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।