उत्तर प्रदेश सरकार में जेल एवं लोक सेवा प्रबंधन राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले अलग-अलग थानों के चार उपनिरीक्षक व चार सिपाहियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। इन पुलिस कर्मियों की एस्कॉर्ट ड्यूटी लगाई गई थी।
बुधवार को दोपहर करीब 3:30 बजे कारागार राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी के काफिले को कानपुर से हाईवे के रास्ते लखनऊ जाना था। मंत्री की सुरक्षा में एसपी के निर्देश पर गंगाघाट से सोहरामऊ तक पड़ने वाले सभी थानों की पुलिस को राज्य मंत्री के काफिले को सुरक्षित सीमा पार कराने के लिए एस्कॉर्ट के तौर पर तैनात किया गया था।
जेल राज्य मंत्री का काफिला अपने निर्धारित समय से जिले की सीमा से होकर गुजरा। इस बीच गंगाघाट से सोहरामऊ थाने की बनी सीमा तक किसी भी पुलिस कर्मी की मौजूदगी नहीं मिली। कंट्रोल रूम से मैसेज के बाद भी ड्यूटी में लगाए गए दरोगा, सिपाही अपने प्वाइंट पर नहीं पहुंच सके।
सुरक्षा में हुई भारी चूक पर एसपी एमपी वर्मा ने लापरवाह पुलिस कर्मियों में सोहरामऊ थाने के उपनिरीक्षक विनोद कुमार, सिपाही जुगराज सिंह, अजगैन थाने के दरोगा राजीव यादव, सिपाही योगेश कुमार, शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक गोकरन नाथ दुबे, सिपाही कुंदन यादव, गंगाघाट थाने के उपनिरीक्षक राम सेवक निषाद व सिपाही आलोक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।