रोते बिलखते मृतक के परिजन, किसान नेता डब्लू सिंह की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हमीरपुर जिले में कर्ज में डूबे भाकियू के नेता ने गुरुवार की देर रात अपने नलकूप में जाकर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान नेता के ऊपर करीब सात लाख का सरकारी एवं गैर सरकारी कर्ज था। इससे वह परेशान रहता था। पुलिस ने रात ही में शव को मोर्चरी हाउस भिजवा दिया था। शुक्रवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भरुआसुमेरपु थानाक्षेत्र के बिदोखर मेंदनी निवासी डब्लू सिंह भारतीय किसान यूनियन संगठन में तहसील उपाध्यक्ष पद पर अर्से से काम करता चला आ रहा था। गुरुवार को रात करीब आठ बजे उसने गांव से दूर अपने नलकूप में जाकर पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किसान नेता के पास करीब 15 बीघे जमीन है। मृतक के बड़े पुत्र राजकुमार सिंह ने बताया कि करीब दो लाख रुपये बिजली बिल बकाया था, दो लाख रुपये इलाबाहाद बैंक इंगोहटा से केसीसी बनवा रखा था। दो लाख रुपये में जमीन गिरवी रखी थी। करीब एक लाख रुपये नाते रिश्तेदारों एवं साहूकारों का था। इन्हीं कर्ज को चुकाने को लेकर वह हमेशा परेशान रहते थे।