फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चूल्हे से निकली चिंगारी बनी काल, आग लगने से गिरा छप्पर, मासूम भाइयों की मौत

Wed, 22 May 2019 11:55 PM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
विज्ञापन
आग लगने के मौके पर पुलिस व ग्रामीण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी के हरदोई जिले में अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम कटरी छोछपुर के मजरा अंधैया में बुधवार शाम चूल्हे की चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। छप्पर गिरने से खेल रहे दो मासूम भाइयों की जलकर मौत हो गई जबकि उनकी मां गंभीर रूप से झुलस गई। आग की चपेट में आसपास के 14 घर भी आ गए। ग्रामीणों ने दमकल कर्मियों की मदद से किसी तरह तीन घंटे बाद आग बुझाई। 
विज्ञापन


कटरी छोछपुर के मजरा अंधैया निवासी कमलेश की पत्नी कमलेश कुमारी (35) बुधवार शाम साढ़े चार बजे छप्पर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। उसके दो बेटे अवनीश (4) और लक्ष्मण (6) पास में ही खेल रहे थे। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर जा गिरी। हवा चलने से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के मकानों को भी चपेट में ले लिया। इसी दौरान कमलेश के घर का छप्पर गिर गया।

 

कमलेश कुमारी और उसके पुत्र अवनीश और लक्ष्मण छप्पर के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने किसी तरह छप्पर हटाया लेकिन तब तक अवनीश और लक्ष्मण की जलकर मौत हो चुकी थी। कमलेश कुमारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया गया। उधर दूसरी ओर आग को काबू में करने के लिए ग्रामीणों ने हर संभव कोशिश की। दो घंटे बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे।

 

इसके एक घंटे बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। घटना में रामनरेश, अनिल, हरीराम, विजय, आशाराम, गेंदनलाल, रामसेवक, सेवालाल, संतराम,  रामवती, मायादेवी, हीरालाल, रामरहीस व दीपनारायण की गृहस्थी जलकर राख हो गई। घटना की सूचना पर सवायजपुर के तहसीलदार मूसाराम थारू राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि नियमानुसार सभी पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा। 

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें