मासूम आयत की मौत पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। कस्बे के लोहिया नगर में घर के बाहर खेल रही 16 माह की मासूम डेढ़ फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। जानकारी के बाद परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान पिता मजदूरी करने गया था। इकलौती संतान की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया।
रसूलाबाद के लोहिया नगर का निवासी मोहम्मद मुबीन मजदूरी करता है। उसका खेत पर ही मकान बना है। मंगलवार सुबह वह मजदूरी के लिए घर से निकला था। पिता को जाता देख 16 माह की बेटी आयत घर के बाहर आ गई। वहां खेलते समय बाहर गंदे पानी से भरे डेढ़ फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। काफी देर तक आयत के घर न पहुंचने पर मां रोशनी बाहर आई और मासूम की तलाश की। इस दौरान आयत सिर के बल गड्ढे में पड़ी मिली। परिजन मासूम को लेकर सीएचसी रसूलाबाद पहुंचे। वहां डॉ. आशीष मिश्रा ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि सिर के बल गंदे पानी में काफी देर रहने से मासूम की दम घुटने से मौत हो गई। आयत रोशनी और मुबीन की इकलौती संतान थी। बेटी की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद आस-पास के लोग वहां पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं मिली है।
जाली होती तो बच सकती थी मासूम की जान
रसूलाबाद। लोहिया नगर के मोहम्मद मुबीन का घर खेत पर ही बना है। वहां नाली न होने से घर के बाहर गंदे पानी के लिए पक्का गड्ढा बना है। इस पर एक जाली रखी रहती है। रोजाना गड्ढे से जाली हटाकर सफाई की जाती है। मंगलवार को मोहम्मद मुबीन ने सफाई के लिए जाली हटाई, लेकिन दोबारा गड्ढे पर रखना भूल गए। इसी गड्ढे में गिरने से मासूम आयत की मौत हो गई। (संवाद)