फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: युवक पर किया जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत

Thu, 13 Jun 2024 11:43 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। सिकंदरा थाना क्षेत्र के करीम नगर में बुधवार रात को दुकान पर गए एक युवक पर गांव के कुछ लोगों ने जानलेवा हमला बोल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
विज्ञापन

सिकंदरा थाना क्षेत्र के करीम नगर निवासी देव सिंह यादव उर्फ चंदू (32) तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती किसानी कर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था। पिता श्रीराम ने बताया कि गांव के कुछ लोग बेटे से रंजिश मानते थे। बुधवार रात आठ बजे बेटा घर से कुछ दूरी पर स्थित दुकान से सामान लेने गया था। वहां पर सरिया व लाठी- डंडा लिए मौजूद पांच से छह नामजद लोगों ने बेटे को जान से मारने के लिए हमला बोल दिया। पड़ोसी के जानकारी देने पर परिजन दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर आई पुलिस बेटे को खून से लथपथ हालत में सीएचसी सिकंदरा लेकर गई। वहां डॉक्टर ने बेटे की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर गुरुवार सुबह 11 बजे वह बेटे को हैलट कानपुर ले जा रहे थे। जिला अस्पताल गेट पर पहुंचने तक बेटे ने दम तोड़ दिया। चंदू की मौत पर मां ऊषा देवी, बहन दीप कुमारी, बड़े भाई कोमल व जसवंत रोने बिलखने लगे। जानकारी पर सीओ डेरापुर शिव ठाकुर, थाना प्रभारी महेश कुमार ने गांव पहुंच कर घटना स्थल की जांच पड़ताल के साथ फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इधर जिला अस्पताल से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। अभी परिजन की ओर से तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

सिर में चोट लगने से गई जान
देव सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, दाहिनी जांघ व पेट में चोट के निशान मिले। सिर में सरिया या किसी वजनदार चीज से प्रहार किए जाने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन


शाम को हुई थी बहस
देव सिंह की मौत पर बिलख रहे भाई कोमल ने बताया कि छोटा भाई अविवाहित था। गांव के कुछ लोग उससे रंजिश मानते थे। गुरुवार शाम को घर आने के दौरान नशे में धुत्त एक युवक से भाई की बहस हो गई थी। इसके बाद भाई घर चला आया था। रात में दुकान पर जाने के दौरान नामजद लोगों ने हत्या करने के इरादे से भाई पर हमला बोल दिया। आरोपी पूर्व में भी भाई के साथ मारपीट कर चुके थे। पांच नवंबर को एक युवक ने भाई पर फर्जी एससी एसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
-
मारपीट पर पुलिस ने दर्ज की थी रिपोर्ट
देव सिंह के साथ हुई मारपीट के मामले में बुधवार रात को पिता श्रीराम की तहरीर पर पुलिस ने गांव के सत्यनारायण, प्रेमपाल, राधेश्याम के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में एनसीआर दर्ज कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण के साथ इलाज के लिए भेज दिया था।
-
गांव में छाया रहा सन्नाटा
करीम नगर में बुधवार रात को हुई मारपीट के बाद गुरुवार सुबह गांव में लोगों की चहल- पहल रही। मौत की जानकारी पहुंचते ही गांव में सन्नाटा छा गया। ग्रामीणों की भीड़ देव सिंह के दरवाजे पर एकत्र हो गई। वहीं गांव में तनाव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें