लोकसभा चुनाव में मृत शिक्षक समेत चार सौ सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। इनमें दो सौ बेसिक व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक हैं। इन सभी कर्मचारियों का शनिवार से जीआईसी में प्रशिक्षण होना था। विभागीय अधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी व प्रभारी अधिकारी कार्मिक को पत्र भेजकर अवगत कराया है।
बांदा जिले में बबेरू विकास खंड के मृत शिक्षक राजेंद्र कुमार का नाम चुनाव ड्यूटी कर्मचारियों की लिस्ट में है। इनकी पीठासीन अधिकारी व मतदान कार्मिक प्रथम में ड्यूटी लगी है। प्रशिक्षण के लिए जनपद के 3780 मतदान कार्मिकों को आदेश जारी किए गए हैं। बेसिक, माध्यमिक शिक्षा विभाग शिक्षक समेत पीडब्ल्यूडी आदि विभागों के चार सौ से अधिक कर्मचारी 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इनकी भी चुनाव ड्यूटी लगा दी गई है।
लापरवाही के और भी किस्से हैं
खंड शिक्षाधिकारी बबेरू ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर बताया शिक्षक राजाराम मौर्य, मोहम्मद इस्लाम 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। शिक्षक जोगेंद्र सिंह चौहान, जगराज, विवेक कुमार लकवा जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित और मेडिकल अवकाश पर हैं। इसी प्रकार खंड शिक्षा अधिकारी कमासिन, नरैनी, महुआ, बड़ोखर व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड ने दो दिन बाद सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षक व कर्मचारियों की सूची भेजी है। जिनकी चुनाव में ड्यूटी लगी है।
प्रभारी मतदान कार्मिक/सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि आयोग को भेजी जाने वाली कर्मचारियों की सूची में नाम के आगे दिव्यांग, सेवानिवृत्त, मृत अवश्य लिख दिया जाए। लेकिन ऐसा नहीं किया गया और ड्यूटी लग गई। इसे कटवाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।