कानपुर। हैलट परिसर में मनोरोग विभाग की निर्माणाधीन इमारत में शनिवार सुबह लोहे के एंगल से युवक का शव लटका मिला। शव एंगल से खड़े अवस्था में टिका था। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 40 साल है। उसके पैर जमीन से छू रहे थे। हालांकि, मुंह से खून निकला देख लोग फंदा लगाने को लेकर संदेह जता रहे हैं। स्वरूपनगर थाना प्रभारी सूर्यबली पांडेय ने बताया कि युवक ने फंदा लगाया है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज निकलवा कर जांच कराई जा रही है कि युवक वहां आया कैसे? ठेकेदार ने निर्माणाधीन में एक चौकीदार भी नियुक्त कर रखा है। भवन अभी हैंडओवर नहीं हुआ है। (ब्यूरो)