कन्नौज जिले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में ठठिया थाना क्षेत्र में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौत को लेकर परिजन पुलिस से नाराज हैं। बेटी का शव मिलने की जानकारी से मां बदहवास हो गई। होश आने पर यही कहा कि पुलिस ने मदद नहीं किया। रात में चौकी इंचार्ज आए थे। सहेलियों का नाम लिखकर ले गए।
कहा अभी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस अगले दिन जांच और कार्रवाई की बात कहकर चली गई और बाद में छात्रा के संग वारदात हो गई। हालांकि वारदात के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई। ठठिया थाना क्षेत्र के एक गांव में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा का शव मिलने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है।
परिजन सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगा रहे हैं। मां ने बताया कि बेटी दोपहर में कॉलेज से नहीं आई, तो घबराहट हुई। मोबाइल भी बंद हो गया, तो उसकी खोजबीन में जुट गए थे। छात्रा के न मिलने पर परिजन सबसे पहले आरोपी युवक के घर गए, लेकिन बताने से इनकार कर दिया।