यूपी के उन्नाव जिले में मूंगफली बेचने के लिए घर से निकले किसान का शव आम के पेड़ पर फांसी पर लटका मिला। मृतक के बड़े भाई की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाक्षेत्र के ग्राम परशुरामपुरवा मजरा जाजामऊ एहतमाली निवासी रामलखन (49) पुत्र गिरधारी पाल मंगलवार रात ट्रैक्टर ट्राली में मूंगफली लादकर बेचने के लिए मधौगंज हरदोई जा रहा था। रास्ते में उसने शराब पी ली और नशे में होने के कारण ग्राम लखनापुर तिराहे के पास रात दस बजे ट्रैक्टर अपने भाई कमलेश को देकर घर भेज दिया।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गुरुदीनखेड़ा गांव के पास देवीप्रसाद के खेत में आम के पेड़ में रामलखन का शव अंगोछे के फंदे से लटका देखा। मृतक के भाई रामसेवक पाल ने बताया कि रामलखन चार भाइयों में सबसे छोटा था। खेती से परिवार का पालन पोषण करता था।
उसके चार अविवाहित बेटियां है। भाई के अनुसार रामलखन ने किसान क्रेडिट कार्ड से 3.60 लाख रुपया लोन भी लिया था। जिसे चुकाने को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था। उसकी मौत से पत्नी बिमला व बेटियों के साथ परिजन का रोकर बुरा हाल है।
परिजन आत्महत्या के कारण की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि मृतक के भाई रामसेवक पाल की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।