यूपी के हमीरपुर में दो दिन पहले राठ कस्बे के गुलाबनगर मोहल्ले से गायब हुए छह वर्षीय बालक ऊदल का रविवार सुबह नहर किनारे नाले में शव बरामद हुआ। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली के सामने महोबा मार्ग जाम कर दिया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसपी हेमराज मीणा मौके पर पहुंचे।
बता दें कि 16 अगस्त की सुबह राठ कस्बे के गुलाबनगर मोहल्ला निवासी राजेन्द्र अनुरागी का छह बर्षीय पुत्र ऊदल रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। पुलिस ने बच्चे की खोजबीन में काफी हाथ पैर मारे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। दो दिन से लापता बच्चा पुलिस के लिए पहेली बनता जा रहा था, जिसे हल करने का कोई सूत्र समझ से परे था।