इटावा जिले में फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के उदयपुरा में डीएफसी रेलवे लाइन के पास शुक्रवार सुबह शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की एक आंख गायब थी और पेट में कट लगा था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
रवि कठेरिया निवासी नगला भिकन ने बताया कि उनका बेटा प्रदीप उर्फ छोटू गुरुवार शाम छह बजे शौच के लिए निकला था। काफी देर तक घर नहीं आने पर उसकी कई जगह तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उसका शव मिलने की सूचना मिली।
बेटे का शव उदयपुरा में डीएफसी रेलवे लाइन के पास पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंचकर बेटे के शव से एक आंख गायब और पेट में कट लगा देखा। पिता ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में तहरीर दी है। इसमें बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक प्रदीप मजदूरी करके पिता का सहयोग करता था।