कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र के गैस प्लांट के सामने सरायमीता के पास कानपुर इटावा हाईवे मार्ग पर टायर फटने से मधुमिक्खयों से लदा डीसीएम पलट गया। यह भिंड से उन्नाव के मौरावां जा रहा था। इससे मधुमक्खी से भरीं पेटियां टूट गईं और हजारों मधुमक्खियों का झुंड आसपास मंडराने लगा, इससे अफरातफरी मच गई। लोग वहां से भाग खड़े हुए। कुछ देर के लिए यातायात भी रुक गया। सूचना पाकर पनकी पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा से डीसीएम को किनारे करवाया, तब तक लगभग एक घंटा तक गाड़ियों को नीचे के सर्विस रोड से निकाला गया। पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर पलटे डीसीएम को किनारे कराकर यातायात सामान्य कराया गया। (संवाद)