कानपुर। छात्राओं की सेहत के प्रति परिवार को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालयों में एक बार बड़ी पहल की जा रही है। दीक्षांत समारोह में एक ओर बेटियों को डिग्री और मेडल दिए जाएंगे, दूसरी ओर उनकी माताओं को बेटियों की हेल्थ रिपोर्ट दी जाएगी। हेल्थ रिपोर्ट में छात्राओं के ब्लड की जांच समेत अन्य जांचें होंगी। ये निर्देश मंगलवार को राजभवन में हुई सभी विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने दिए।
राजभवन में मंगलवार शाम प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें रैंकिंग के साथ शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और छात्र-छात्राओं के हित को लेकर चर्चा हुई। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विश्वविद्यालयों का अलग-अलग ग्रुप बनाया जाएगा जिसके माध्यम से विभिन्न विश्वविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों पर वोटिंग कराई जाएगी। इससे अच्छे पाठ्यक्रम की तलाश की जा सकेगी और इसे सभी विवि में लागू किया जाएगा। बैठक में दीक्षांत की तैयारी को लेकर भी चर्चा की गई। साथ ही इस साल दीक्षांत को ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में कराने की तैयारी करने का निर्देश दिया गया।