मंदिर में पूजा करने से यदि मंदिर गंदा हो जाता है तो मैं मस्जिद में जाकर पूजा करूंगी। यह कहना है यूपी के कानपुर देहात जिले में रसूलाबाद कस्बे के गांव नार खुर्द निवासी दलित महिला जयदेवी का। जानें क्या है मामला...
रसूलाबाद ब्लाक के नार खुर्द निवासी जयदेवी पत्नी बब्लू 22 मार्च को गोवर्धन कथा के दौरान भागवत सुनने गई थीं। आरती के लिए पीतल की थाली में प्रसाद, फूल, घी का दीपक लेकर व्यास मंच पर पहुंचीं और थाल रख दिया तो वहां मौजूद गांव निवासी नरेंद्र पांडेय, अजय पांडेय, रोहित कुमार, अंबिका प्रसाद व रन सिंहपुर निवासी चंद्रशेखर ने अपमानित कर उसका थाल फेंक दिया। महिला ने उक्त लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि, अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित जयदेवी का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वह मंदिर में साफ-सफाई के साथ ही पूजा कर रही थीं, तब किसी ने आपत्ति नहीं जताई। फिर अब ऐसा क्यों। उन्होंने कहा कि यदि दलित महिला के मंदिर जाने से मंदिर गंदा व अशुद्ध हो जाता है तो वह ऐसे धर्म में रहकर क्या करेंगी। उन्होंने कहा कि इससे तो अच्छा है कि मस्जिद में जाएं।