इटावा। ग्राहक बनकर आए युवक ने दोपहर में एक जनरल स्टोर की दुकान की गोलक से 50 हजार रुपये पार कर दिए। वारदात के करीब एक घंटे बाद गोलक से रुपये गायब देखकर दुकान मालिक ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें युवक रुपये निकालते हुए नजर आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राजीव कुमार जैन ने थाने में तहरीर दी है। इसमें बताया कि साबितगंज में उनका जनरल स्टोर है। नौ अक्तूबर को करीब एक बजे वह दुकान पर थे। दुकान पर उनका भाई राजीव, भतीजा रितिक और दो अन्य कर्मचारी भी थे। तीन ग्राहक मौके पर खड़े थे। इनमें से एक ग्राहक ने करीब 37 हजार रुपये दिए, जबकि दूसरे ने लगभग 13 हजार रुपये का भुगतान किया। भतीजे ने रुपये लेकर गोलक में डाल दिए थे। इस बीच एक अन्य ग्राहक खड़ा रहा। भतीजा काउंटर से हटकर सामान रखवाने लगा और मैं फोन पर बात करने लगा। कुछ ही देर में ग्राहक बनकर खड़ा युवक भी चला गया। बताया कि करीब एक घंटे बाद एक दुकानदार को भुगतान करना था इसके लिए मैंने रुपये निकालने के लिए गोलक खोली तो उसमें से रुपये गायब थे। भतीजे से पूछा तो उसने गोलक में रखने की बात कही। इस पर दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो ग्राहक बनकर खड़ा युवक गोलक से रुपये निकालते हुए दिखाई दिया। आसपास भतीजे और दुकान के कर्मचारियों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज करके जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।