कस्टम ने रेलवे स्टेशन पर पकड़ी विदेशी सुपाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
कस्टम विभाग की टीम ने सोमवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 86 बोरे विदेशी सुपाड़ी पकड़ी है। इस माल की कीमत 20 से 25 लाख रुपये आंकी गई है। यह माल महानंदा एक्सप्रेस के जरिये कोलकाता से कानपुर भेजा गया था। कस्टम के अफसरों को माल से संबंधित लोग व दस्तावेज नहीं मिले हैं।
डिप्टी कमिश्नर चंचल कुमार तिवारी ने बताया कि प्रदेश में ट्रेन के जरिये बड़े पैमाने पर तस्करी का माल आने की सूचना मिल रही थी। इस पर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर टीमें तैनात की गईं। अधीक्षक राजकुमार की अगुवाई में इंस्पेक्टर विरेंद्र कुमार, शशांक त्रिपाठी, अमर गुप्ता व सौरभ अग्निहोत्री की टीम को कानपुर में सफलता मिली। महानंदा एक्सप्रेेस की बोगी से 86 बोरा सुपाड़ी उतरी।
किसी ने इस पर दावा नहीं किया तो अफसरों ने इसे सीज कर लिया। रेलवे के अफसरों से माल से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वे नहीं दिखा सके। कस्टम के अफसरों ने बताया कि इंडोनेशिया और वियतनाम की यह सुपाड़ी पूर्वोत्तर राज्यों की सीमा से प्रवेश होकर तस्करी के जरिये विभिन्न शहरों में पहुंचाई जा रही थी।