फोटो 18:::भरथना के मढ़ाला गांव में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी। स्रोत:परिजन
भरथना। थाना क्षेत्र के मढ़ाला गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिए। चोरी की इस वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत है। पीड़ित परिवार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान परिवार की महिलाएं घर के आंगन में सो रहीं थीं जबकि अन्य परिजन घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे।
पीड़ित राकेश कुमार पाल निवासी मढ़ाला ने बताया कि घर की छत पर लगे लोहे के जाल में लगे बोल्ट को खोलकर बदमाश आंगन में आए। उसके बाद अलग-अलग दो कमरों में रखी लोहे की अलमारियों के पास रखी चाबियों से ताला खोला। अलमारी में रखे नीतू के एक जोड़ी टॉप्स, एक माला व चार हजार रुपए व पूनम की चार अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स, एक माला, चांदी की एक जोड़ी पायल, गुच्छा समेत रक्षा बंधन पर मायके आई भतीजी पूजा पत्नी योगेंद्र की एक जोड़ी झाले, एक माला, एक जंजीर व एक अंगूठी चोरी कर बदमाश घर से बाहर के रास्ते भाग गए।
पीड़ित राकेश ने बताया कि दोनों भतीज बहूंओं और भतीजी के जेबर थे। दोनों भतीजे अहमदाबाद में रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।