कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 61वां स्थापना दिवस ग्लोरियस पास्ट, ब्राइट फ्यूचर थीम के तहत मनाया जाएगा। सात से 14 फरवरी तक चलने वाले शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सामाजिक चेतना, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता के साथ शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्थापना दिवस सप्ताह का शुभारंभ सात फरवरी को संगोष्ठी के साथ होगा। इसमें विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान गतिविधियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसी दिन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से डिजिटल मीडिया में डीपफेक विषय पर कार्यशाला होगी। आठ फरवरी को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं श्रीविश्वेश्वर महादेव मंदिर में दीन दयाल शोध केंद्र की ओर से सुंदरकांड पाठ होगा।
नौ फरवरी को धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के तहत हवन किया जाएगा। 10 फरवरी को वाक-प्रतियोगिता में विद्यार्थी सामाजिक, शैक्षणिक और समकालीन विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। 11 फरवरी को योग शिविर, 12 को रक्तदान शिविर, 13 को रंगोली व वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। 14 को खेल प्रतियोगिता के साथ भव्य समापन होगा।