कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 अप्रैल से शुरू होंगी। परीक्षाएं बहुविकल्पीय होंगी और तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। स्नातक स्तर में माइनर विषयों की परीक्षाएं मेजर विषय से अलग कराई जाएंगी। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने दी।
समर्थ पोर्टल के माध्यम से स्नातक स्तर के द्वितीय, चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर तथा परास्नातक स्तर के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कार्यक्रम विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। परीक्षा कार्यक्रम के संबंध में आपत्तियां 18 मार्च तक ईमेल आईडी coecsjmuniversitygmail.com पर दर्ज कराई जा सकती हैं। एलएलबी और बीएएलएलबी पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं दो पालियों में सब्जेक्टिव रूप से होंगी।