कानपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) और एमकेटी सॉफ्टवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच करार हुआ है। यह एमओयू साइन विश्वविद्यालय की सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन के माध्यम से किया गया।
समझौते के तहत छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए एआई आधारित उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें एआई फंडामेंटल्स, जनरेटिव एआई, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, कंप्यूटर विजन और आरएजी जैसे विषय शामिल होंगे। साथ ही कैपस्टोन प्रोजेक्ट्स और करियर रेडीनेस पर भी विशेष फोकस रहेगा। छात्रों को इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स, औद्योगिक प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के अवसर मिलेंगे। स्टार्टअप मेंटरशिप और अनुसंधान सहयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे छात्रों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण का अनुभव प्राप्त हो सके।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, कुलसचिव राकेश मिश्रा, सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन के सीईओ डॉ. दिव्यांश शुक्ला, डीन इनोवेशन डॉ. शिल्पा डी. कैस्था, एमकेटी सॉफ्टवेयर्स के सीईओ, एमडी डॉ. अमित तिवारी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और कंपनी प्रतिनिधि मौजूद रहे।