कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में वार्षिक परीक्षा प्रणाली के परीक्षार्थियों की प्रायोगिक व मौखिक परीक्षा तीन जुलाई को होगी। इसमें करीब पांच हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
खास बात यह है कि एक दिन में होने वाली इस परीक्षा के लिए मात्र दो केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 11 जिलों के स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक के द्वितीय वर्ष के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। विवि प्रशासन ने परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद से स्नातक और परास्नातक में सेमेस्टर प्रणाली संचालित हो रही है। इससे पहले वार्षिक प्रणाली में सभी पाठ्यक्रम संचालित होते थे। अभी भी कई छात्र वार्षिक प्रणाली वाले पाठ्यक्रमों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
इन्हीं छात्रों की प्रायोगिक व मौखिक परीक्षा कराई जा रही है। विवि ने इसके लिए सिर्फ डीएवी और डीजी कॉलेज को केंद्र बनाया है। परीक्षा सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चलेगी। केंद्रों पर कॉलेज के प्राचार्य ही केंद्राध्यक्ष रहेंगे।
प्रायोगिक परीक्षा के एक बैच में बीए, बीएससी, बीकॉम के 125 परीक्षार्थी होंगे। वहीं, एमए, एमएससी और एमकॉम के 60 परीक्षार्थी का एक बैच होगा। विवि के परीक्षा नियंत्रक ने महाविद्यालयों को पांच जुलाई तक अंक अपलोड कराने का निर्देश दिया है।
इन जिलों के छात्र देंगे परीक्षा
कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी।
इन केंद्रों पर होगी इन विषयों की परीक्षा
डीजी कॉलेज - बीए द्वितीय व तृतीय वर्ष के म्यूजिक वोकल एंड होम साइंस। एमए द्वितीय वर्ष की होम साइंस। बीएससी तृतीय वर्ष की बॉटनी व फिजिक्स।
डीएवी कॉलेज - बीए, एमए, बीकॉम, एमएससी और एमकॉम के सभी विषय। बीएससी द्वितीय वर्ष के सभी विषय, बीएससी तृतीय वर्ष के इंडस्ट्रियल माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, डिफेंस एंड स्ट्रैटिजिक स्टडीज, स्टैटिक्स, मैथमेटिक्स, जुलोजी, केमिस्ट्री, फिजिकल एजुकेशन।