कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में पिछले तीन वर्षों में प्लेसमेंट का ग्राफ बढ़ा है। सत्र 2023-24 में 88 फीसदी प्लेसमेंट रहा जो 2025-26 में बढ़कर 95 फीसदी तक पहुंच गया। कई विभागों में 100 फीसदी तक प्लेसमेंट दर्ज किया गया। इस साल छात्रों को सर्वाधिक 16.5 लाख रुपये सालाना पैकेज मिला है।
रिपोर्ट के अनुसार यह सुधार संस्थान की ओर से दिए गए प्रशिक्षण, स्किल डेवलपमेंट और उद्योग सहयोग का परिणाम माना जा रहा है। विभागवार प्लेसमेंट में मैकेनिकल इंजीनियरिंग ब्रांच अन्य से आगे आगे रही। इस विभाग के छात्रों को सबसे अधिक अवसर मिले। इलेक्ट्रॉनिक्स में भी लगभग 100 फीसदी प्लेसमेंट हुआ। इसके अलावा बीसीए, आईटी, एमसीए और केमिकल जैसे कोर्स में 70 से 90 फीसदी तक प्लेसमेंट हुआ जबकि सीएस एआई में अपेक्षाकृत कम प्लेसमेंट रहा जिस पर संस्थान सुधार कर रहा है।
स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट (एसबीएम) में भी प्लेसमेंट संतोषजनक रहा। एमबीए और बीबीए छात्रों के लिए 2024-25 और 2025-26 में बेहतर अवसर मिले। बीकॉम और एमकॉम में भी औसत से बेहतर प्लेसमेंट रहा। इसके अलावा फिजिकल एजुकेशन, आर्ट्स, सोशल साइंस और बेसिक साइंसेज में भी छात्रों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने बताया कि 2025-26 की उपलब्धियां उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, उद्योग सहयोग और छात्रों की मेहनत का संयुक्त परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में और अधिक कंपनियों को जोड़कर छात्रों के लिए अवसरों का दायरा और बढ़ाया जाएगा।