कानपुर। सर ढाई महीने से इंतजार कर रहे हैं, अभी तक मार्कशीट नहीं आई है। रायबरेली से आया हूं फार्म भरने की तारीख नजदीक आती जा रही है पर कोई सुनने वाला नहीं है। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के स्टूडेंट सपोर्ट सेल के बाहर सुनने की मिलीं। यहां छात्रों की भीड़ तपती गर्मी में अपनी बारी का इंतजार कर रही थी और भीतर कमरे से उनको रटा रटाया जवाब मिल रहा था कि परेशान न हो एक हफ्ते का समय और लगेगा...मार्कशीट जल्द आ जाएगी।
सीएसजेएमयू व उससे संबद्ध कई जिलों के महाविद्यालयों के छात्र वर्तमान में मार्कशीट से जुड़ी समस्याएं लेकर विवि के स्टूडेंट सपोर्ट सेल में आ रहे हैं। इसमें अधिकतर छात्र अधूरे रिजल्ट, मार्कशीट की हार्ड काॅपी न मिलने से परेशान है। महोबा, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद सहित कई जिलों से छात्र रोज विवि पहुंच रहे हैं। दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले कुछ छात्रों को भी इन समस्याओं को दूर कराने के लिए विवि के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गुरुवार को इटावा से आए एक छात्र ने बताया कि ढाई महीने पहले मार्कशीट के लिए आवेदन किया था। कहा गया था कि एक महीने में आ जाएगी लेकिन अभी तक यह नहीं मिली। अभी भी एक हफ्ते का समय देकर टरकाया गया है। दिल्ली में यूपीएसआई की तैयारी कर रहे छात्र ने बताया कि मार्कशीट में इश्यू डेट और सीरियल नंबर से जुड़ी समस्या दूर कराने के लिए विवि आया था।
विवि ने ऑनलाइन यह दोनों तो अपडेट कर दिया लेकिन अब अंक गायब कर दिए। विवि कर्मचारियों ने समर्थ पोर्टल पर मार्कशीट देखने के लिए कहा था पर उसमें अंक नहीं दिख रहे हैं। वहीं, महोबा से आए छात्र ने बताया कि ईआरपी में जहां पास दिख रहा था समर्थ पोर्टल पर कैरीओवर लिख कर आ रहा है। ऐसी कई समस्याओं से छात्र-छात्राएं जूझ रहे हैं और उनका निस्तारण नहीं हो रहा है।
समर्थ पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जा रहा है। बैक पेपर के छात्रों को समस्या हो रही है उनका परिणाम ठीक कराया जा रहा है। सारे बिंदुओं के साथ मार्कशीट ऑनलाइन अपलोड की गई है। पोर्टल की दिक्कतों को लेकर कई बैठकें की जा रही है। छात्रों की समस्याओं को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। प्रो. विनय कुमार पाठक, कुलपति, सीएसजेएमयू