कानपुर। शोध प्रकाशन से जुड़ी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के शोध एवं विकास प्रकोष्ठ ने विशेष समिति का गठन किया है। विश्वविद्यालय से जुड़े वाह्य शिक्षकों की यह समिति भाषा, कला, चित्रकला, ड्रॉइंग-पेंटिंग तथा अन्य मानविकी विषयों में शोधार्थियों के सामने शोध पत्र प्रकाशन में आ रही विभिन्न प्रकार की चुनौतियां एवं व्यावहारिक परेशानियों को दूर करेगी।
शोध एवं विकास प्रकोष्ठ की अधिष्ठाता डॉ. नमिता तिवारी ने बताया कि इसका उद्देश्य सभी विषयों में संतुलन बनाए रखते हुए शोध की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाना है। विश्वविद्यालय शोधार्थियों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। इस दिशा में लिए जा रहे सभी निर्णय पारदर्शिता, अकादमिक स्वतंत्रता एवं निर्धारित शैक्षणिक नियमों के अनुरूप हैं।